जयंती स्टेडियम में लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति, सीएम ने जलाभिषेक कर की राज्य की समृद्धि की कामना
दुर्ग जिले के भिलाई स्थित जयंती स्टेडियम में चल रही शिवमहापुराण कथा का आज भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं उपस्थित होकर पं. प्रदीप मिश्रा की अमृतमयी वाणी से कथा श्रवण किया और भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की।
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में जयंती स्टेडियम परिसर में विगत दिनों से चल रही शिवमहापुराण कथा का आज समापन हुआ। सुप्रसिद्ध कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में संपन्न हो रही इस दिव्य कथा में अंतिम दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कथा स्थल पर भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र माह में शिव कथा का आयोजन अपने आप में अत्यंत पुण्यदायी है और इसमें सम्मिलित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
सीएम साय ने कथा आयोजन के लिए आयोजक दया सिंह और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति वाला यह आयोजन निश्चित ही श्रद्धा और भक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने श्रद्धालुजनों को सावन की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने पं. प्रदीप मिश्रा के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे देश-विदेश में घूमकर शिवमहापुराण की कथा के माध्यम से सनातन संस्कृति को जागृत कर रहे हैं और युवा पीढ़ी को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ रहे हैं। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था प्रबंधन की तारीफ़ की जा रही है। श्रद्धालुओं की अपार संख्या के बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ, जिससे यह आयोजन इतिहास के पन्नों में दर्ज होने योग्य बन गया।