राखी महोत्सव में उमड़ी हजारों महिलाओं की भीड़, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मिली आर्थिक सहायता; विधायक बोले – टूट गया खान सर का रिकॉर्ड
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रक्षाबंधन का त्योहार इस बार राजनीति और जनसंपर्क का अनूठा उदाहरण बन गया। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन द्वारा आयोजित राखी महोत्सव में 20 हजार महिलाओं ने पंजीकरण कराया, जिसमें से हजारों बहनों ने उन्हें राखी बांधकर पारिवारिक स्नेह का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बहनों को मुख्यमंत्री अनुदान योजना से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया।
दुर्ग/भिलाई। वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन को राखी बांधने के लिए इस बार बहनों की अभूतपूर्व भीड़ उमड़ पड़ी। भिलाई के लोकांगन परिसर में आयोजित भव्य राखी महोत्सव में 20 हजार महिलाओं ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से करीब 7,000 से अधिक महिलाएं मौके पर मौजूद थीं।
एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे महिलाएं उन्हें तिलक लगाकर, नारियल देकर और राखी बांधकर अपना स्नेह प्रकट कर रही हैं। किसी ने मिठाई खिलाई तो किसी ने दोनों हाथों में एक साथ राखी बांधी।
विधायक रिकेश सेन ने मंच से कहा,
“आज खान सर का रिकॉर्ड टूट गया। इतनी बड़ी संख्या में बहनों ने राखी के लिए पंजीकरण कराया है, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”
कार्यक्रम में बहनों को तोहफे के तौर पर 10-10 हजार रुपए के चेक वितरित किए गए। यह राशि मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से दी गई है, जिसके लिए सात माह पूर्व आवेदन किया गया था। इनमें से अधिकांश महिलाएं गंभीर बीमारी, गरीबी या संकट से जूझ रही हैं।
इसके अतिरिक्त कुछ महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से 2,000 या 3,000 रुपए के चेक देकर सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा,
“हमने प्रयास किया है कि कोई बहन खाली हाथ न लौटे। हर किसी को कुछ न कुछ भेंट जरूर मिले।” इस अवसर पर विधायक ने भावुक होकर कहा कि एक जनप्रतिनिधि केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं होता, बल्कि जनता से आत्मीय और पारिवारिक रिश्ता भी निभाना होता है।