
गणेश चतुर्थी का पर्व सिर्फ भक्ति और उत्साह का ही नहीं, बल्कि घर-आंगन को सजाने-संवारने का भी खास मौका होता है। इस दिन लोग बप्पा के स्वागत के लिए दीप, लाइट्स और फूलों की सजावट तो करते ही हैं, साथ ही रंगोली बनाकर अपने घर को शुभता और सकारात्मकता से भर देते हैं।
गणेश चतुर्थी का त्योहार उत्साह और खुशियों से सराबोर होता है। बप्पा के आगमन पर हर कोई घर की सुंदर सजावट करता है। जहां कुछ लोग रोशनी और फूलों से माहौल को भव्य बनाते हैं, वहीं रंगोली इस पर्व की सबसे खास परंपरा मानी जाती है। माना जाता है कि रंगोली घर में सकारात्मक ऊर्जा लाती है और समृद्धि का प्रतीक होती है।
इस बार अगर आप अपनी रंगोली को आकर्षक और हटकर बनाना चाहती हैं, तो कुछ आसान और नए डिजाइन अपनाए जा सकते हैं।
- बॉक्स डिजाइन: छोटे-छोटे बॉक्स बनाकर उनमें फूलों या गणपति का चेहरा उकेरा जा सकता है। सफेद रंग से आउटलाइन करने पर यह डिजाइन और निखर उठती है।
- स्वास्तिक रंगोली: शुभता का प्रतीक स्वास्तिक बनाकर उसके बीच गणपति का आकर सजाना बेहद आसान और पारंपरिक अंदाज है।
- हाफ फेस डिजाइन: आजकल ट्रेंड में चल रही इस रंगोली में गणपति का आधा चेहरा बनाया जाता है और चारों ओर फूल-पत्तियों का डिजाइन जोड़कर इसे मॉडर्न टच दिया जाता है।
- सर्कल पैटर्न: जल्दी बनने वाली रंगोली में गोल आकर सबसे आसान है। बीच में गणपति की आकृति बनाकर रंग भरें और किनारों पर पैटर्न जोड़ दें। यह डिजाइन 20 मिनट में तैयार हो जाती है।
- गुड़हल फ्लावर डिजाइन: थोड़ी मेहनत से बनने वाली इस रंगोली में गुड़हल के फूल और गणपति का चेहरा सजाकर शानदार लुक दिया जा सकता है।
- मोर पंख रंगोली: आधे सर्कल में फूल और पैटर्न बनाकर किनारे पर मोर पंख का डिजाइन जोड़ने से रंगोली बेहद आकर्षक बन जाती है।
- पान पत्ती रंगोली: नेचुरल लुक चाहने वालों के लिए यह डिजाइन खास है। बीच में पान के पत्तों से गणपति का चेहरा बनाएं और चारों ओर रंग भर दें। यह सरल होते हुए भी अनोखा अंदाज पेश करती है।
इस तरह अलग-अलग डिजाइन अपनाकर आप अपने घर के आंगन को गणपति बप्पा के स्वागत में खास और यादगार बना सकते हैं।