8 से 10 अक्टूबर तक रायपुर की विशेष अदालत में गवाहों के बयान, विधायक ईश्वर साहू भी देंगे गवाही
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के चर्चित बिरनपुर हिंसा कांड में करीब दो साल बाद ट्रायल शुरू होने जा रहा है। रायपुर की विशेष अदालत में 8, 9 और 10 अक्टूबर को गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इस दौरान मृतक भुनेश्वर साहू के पिता और भाजपा विधायक ईश्वर साहू समेत 23 गवाह अदालत में पेश होंगे।
बेमेतरा। बिरनपुर हिंसा मामले में अब अदालत की कार्यवाही तेजी पकड़ने जा रही है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने नवंबर 2024 में रायपुर की विशेष अदालत में चालान पेश किया था। इसके बाद अब 8 अक्टूबर से ट्रायल की औपचारिक शुरुआत हो रही है। अदालत में तीन दिनों तक लगातार गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
बचाव पक्ष के वकील एस.के. फरहान ने बताया कि CBI की चार्जशीट में न तो किसी राजनीतिक पार्टी और न ही किसी नेता का नाम शामिल है।
क्या था मामला?
चार्जशीट के मुताबिक, 8 अप्रैल 2023 को ग्राम बिरनपुर (थाना साजा) में बच्चों के बीच मामूली साइकिल टकराने से विवाद बढ़ा। यह विवाद मारपीट और बोतल फेंकने तक पहुंचा, जिसमें कुलेश्वर साहू घायल हुआ। बाद में पंचायत बुलाई गई और स्थिति बिगड़ गई। मुस्लिम समुदाय की भीड़ ने ईंट-पत्थरों और हथियारों से हमला किया। इसी दौरान भुनेश्वर साहू को पकड़कर मस्जिद की ओर घसीटा गया और बेरहमी से पिटाई के बाद उसकी मौत हो गई।
घटना रोकने पहुंचे उपनिरीक्षक बीनूराम ठाकुर समेत पुलिसकर्मी भी पथराव में घायल हुए। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने 12 लोगों पर केस दर्ज किया था। बाद में CBI ने 6 और आरोपियों को जोड़ा। अब केस में कुल 18 आरोपी हैं।
हिंसा के बाद तनाव
हिंसक घटना के बाद बिरनपुर में धारा 144 लागू की गई। भुनेश्वर साहू की हत्या के दो दिन बाद 10 अप्रैल को शक्तिघाट इलाके से रहीम मोहम्मद और उसके बेटे ईदुल मोहम्मद के शव मिले। इस घटना के बाद एक बार फिर गांव में तनाव भड़क गया। पुलिस ने हत्या के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया था।