लंबे मंथन के बाद तय हुआ फॉर्मूला, चिराग पासवान को 29, मांझी और कुशवाहा को 6-6 सीटें मिलीं
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए (NDA) में आखिरकार सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। हफ्तों चली बैठकों और खींचतान के बाद अब सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। जेडीयू और बीजेपी दोनों बराबर संख्या यानी 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं शेष सीटें एनडीए के अन्य सहयोगी दलों—लोजपा (रामविलास), हम (HAM) और रालोमो (RLM)—के बीच बांटी गई हैं।
बिहार। बिहार में 2025 के विधानसभा चुनावों को लेकर एनडीए के भीतर चली लंबी राजनीतिक खींचतान का अंत हो गया है। भाजपा (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बीच बराबरी का फॉर्मूला तय करते हुए दोनों दलों को 101-101 सीटें दी गई हैं। शेष 41 सीटें एनडीए के अन्य घटक दलों में बांटी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। वहीं जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और उपेन्द्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति मोर्चा (RLM) को 6-6 सीटें दी गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सीट बंटवारे पर सहमति बनने से एनडीए अब संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार करने की ओर बढ़ेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जल्द ही साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बराबरी के इस फॉर्मूले से जहां जेडीयू और बीजेपी के बीच तालमेल की झलक मिलती है, वहीं छोटे दलों को भी सम्मानजनक हिस्सेदारी देकर एनडीए ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है।