चेन्नई में उपचार के दौरान अंतिम सांस, शुक्रवार को नेहरू नगर ईस्ट निवास से अंतिम यात्रा
भिलाई के प्रतिष्ठित कृष्णा पब्लिक स्कूल समूह के डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी (54) का गुरुवार तड़के चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से शिक्षा क्षेत्र और सामाजिक संगठनों में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
भिलाई। कृष्णा पब्लिक स्कूल समूह के डायरेक्टर श्री आलोक त्रिपाठी (आयु 54 वर्ष) का 6 नवंबर 2025 की सुबह लगभग 4:30 बजे चेन्नई के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके अचानक हुए निधन से भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। शिक्षा से जुड़े संस्थानों, सामाजिक संगठनों और परिचितों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
आलोक त्रिपाठी, स्कूल समूह के चेयरमैन श्री मदन मोहन त्रिपाठी और श्रीमती कृष्णा त्रिपाठी के ज्येष्ठ पुत्र थे। वे लंबे समय से संस्थान के संचालन और विस्तार में सक्रिय रहे। आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण तैयार करने और सामाजिक सरोकारों में उनकी भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने स्कूल को नए आयामों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंतिम संस्कार शुक्रवार को
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दिवंगत आलोक त्रिपाठी की अंतिम यात्रा 7 नवंबर 2025, शुक्रवार को सुबह 11:00 बजे उनके निवास 74/5, नेहरू नगर ईस्ट, भिलाई से निकलेगी। अंतिम यात्रा दुर्ग शिवनाथ मुक्तिधाम तक जाएगी, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार, परिचितों और बड़ी संख्या में समाजजन के अंतिम दर्शन की संभावना है।