एसआईआर अभियान के तहत बीएलओ ने घर-घर संपर्क कर प्रपत्र सौंपे, सटीक मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी
एसआईआर अभियान के तहत रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची अद्यतनकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार के देवेंद्र नगर स्थित निवास पर बीएलओ पहुंचकर आवश्यक प्रपत्र सौंपे और जरूरी विवरण दर्ज किया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए चलाए जा रहे एसआईआर अभियान को जिला और विधानसभा स्तर पर तेजी मिली है। अभियान के तहत रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ सक्रिय रूप से घर-घर पहुंचकर मतदाताओं की जानकारी अपडेट कर रहे हैं।
इसी क्रम में बीएलओ ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) यशवंत कुमार के देवेंद्र नगर स्थित निवास पर पहुंचकर प्रपत्र सौंपे और आवश्यक जानकारी दर्ज की। अधिकारियों के अनुसार शीर्ष अधिकारियों तक पहुँचकर जानकारी सत्यापित करना अभियान की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को मजबूत करता है।
अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में त्रुटियों को कम करना, नए मतदाताओं को जोड़ना और स्थानांतरित या हटाए जाने योग्य प्रविष्टियों को समय पर अपडेट करना है। निर्वाचन आयोग का दावा है कि इस प्रक्रिया से आगामी चुनावों में अधिक सटीक, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची उपलब्ध हो सकेगी।