केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय का बड़ा फैसला, 25 टोल प्लाजा पर शुरू हुआ ट्रायल
देशभर के वाहन चालकों के लिए टोल भुगतान से जुड़ा बड़ा बदलाव होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने टोल प्लाजा को पूरी तरह कैशलेस करने का निर्णय लिया है। 1 अप्रैल से टोल पर नकद भुगतान बंद कर दिया जाएगा और यात्रियों को FASTag या UPI के जरिए ही टैक्स चुकाना होगा।
नई दिल्ली (ए)। देश के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित टोल प्लाजा 1 अप्रैल से पूरी तरह कैशलेस हो जाएंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने टोल टैक्स में नकद लेनदेन को समाप्त करने का फैसला लिया है। इसके तहत वाहन चालकों को केवल FASTag या UPI के माध्यम से ही भुगतान करना होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सड़क परिवहन मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने बताया कि टोल प्लाजा पर कैश लेनदेन से होने वाली अव्यवस्था और जाम की समस्या को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान से समय की बचत होगी और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
मंत्रालय के अनुसार फिलहाल देश के 25 टोल प्लाजा पर इस व्यवस्था का ट्रायल चल रहा है। ट्रायल के सफल रहने के बाद 1 अप्रैल से इसे पूरे देश में लागू कर दिया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इस फैसले से टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें कम होंगी और सफर अधिक सुगम बनेगा।