14 फरवरी 2019 के आतंकी हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि, 40 CRPF जवान हुए थे शहीद
वर्ष 2019 के पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर देश ने अपने वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीद जवानों के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका बलिदान हर भारतीय के हृदय में सदैव जीवित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
नई दिल्ली (ए)। देश के इतिहास के काले अध्यायों में दर्ज 14 फरवरी 2019 की वह तारीख एक बार फिर भावुक कर गई, जब जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 40 से अधिक सीआरपीएफ जवानों ने मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा कि पुलवामा में बलिदान देने वाले बहादुर नायकों की देशभक्ति और सेवा भावना सदैव राष्ट्र की स्मृति में अंकित रहेगी। उनका साहस प्रत्येक भारतीय को मजबूती और प्रेरणा प्रदान करता है।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पुलवामा के वीरों का सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है और यह देश को एकजुट एवं सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया गया था। इस भीषण हमले में 40 से अधिक जवान शहीद हुए थे। घटना के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव बढ़ गया था और सीमा पार आतंकवाद को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक चर्चा हुई थी।
पुलवामा हमले की बरसी पर देशभर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहीदों के सम्मान में इस दिन को कई स्थानों पर ‘ब्लैक डे’ के रूप में भी याद किया जाता है।