जिले में हाईस्कूल के 9,731 और हायर सेकेंडरी के 8,025 छात्र पंजीकृत, गोपनीय सामग्री वितरण 16 फरवरी को
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां जिले में अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 20 फरवरी से शुरू हो रही इन परीक्षाओं में जिलेभर के 75 परीक्षा केंद्रों पर कुल 17,756 विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हायर सेकेंडरी की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होगी, जबकि हाईस्कूल परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक संपन्न कराई जाएगी। दोनों ही परीक्षाएं प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक संचालित होंगी।
इस वर्ष जिले में हाईस्कूल के 9,731 तथा हायर सेकेंडरी के 8,025 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया है। परीक्षा केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश सभी केंद्राध्यक्षों को जारी कर दिए गए हैं।
परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण 16 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से समन्वय संस्था शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में किया जाएगा। सभी 75 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष या प्राचार्य को एक सहयोगी के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर सामग्री प्राप्त करनी होगी। प्रत्येक केंद्र को दो कुंडों (दो ताले) वाली दो पेटियां ताला-चाबी सहित लाना अनिवार्य किया गया है। हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की गोपनीय सामग्री अलग-अलग पेटियों में सुरक्षित रखी जाएगी।
इसके बाद निर्धारित रूट चार्ट-09 के तहत सशस्त्र बलों की सुरक्षा में बसों के माध्यम से सामग्री को संबंधित थाना या चौकी में सुरक्षित रखा जाएगा। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग ने परीक्षा की निष्पक्षता और शांतिपूर्ण संचालन के लिए संयुक्त रूप से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है।