दुर्ग में वाटर कैनन से रंगों की बौछार, आईजी-कलेक्टर-एसएसपी भी शामिल; कड़ी ड्यूटी के बाद जवानों के साथ साझा किया उत्सव
दुर्ग-भिलाई में होली के दौरान लगातार ड्यूटी निभाने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने गुरुवार को कंट्रोल रूम परिसर में उत्साह के साथ होली का उत्सव मनाया। रंग-गुलाल, संगीत और पानी की बौछारों के बीच अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और लंबे समय तक ड्यूटी निभाने के बाद राहत के कुछ पल साझा किए।
दुर्ग-भिलाई। होली के अवसर पर लगातार कई दिनों तक सुरक्षा व्यवस्था संभालने के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में सामूहिक रूप से होली मनाई। कार्यक्रम में संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

होली उत्सव में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस इकाइयों से पहुंचे अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। पूरे परिसर में रंगों और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सभी ने मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं और कुछ समय के लिए ड्यूटी की व्यस्तता से राहत महसूस की।
दरअसल होली पर्व को देखते हुए जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। 2 मार्च से ही पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा। शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया था। करीब 72 घंटे तक लगातार ड्यूटी निभाने के बाद जवानों ने कंट्रोल रूम में एक साथ होली का उत्सव मनाया।

एएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि लगातार ड्यूटी के बाद जवानों के साथ होली का आयोजन किया गया है, ताकि सभी मिलकर त्योहार की खुशी बांट सकें। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान भी जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है और कहीं भी लापरवाही नहीं बरती जा रही है, ताकि लोग शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना सकें।

होली के इस आयोजन में अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दी और मिठाइयां भी खिलाईं। इस दौरान वाटर कैनन से रंगीन पानी की बौछार की गई, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया। डीजे की धुन पर पुलिस अधिकारी और जवान जमकर थिरके और उत्सव का भरपूर आनंद लिया।