अम्यूज ओरामा वॉटर पार्क में 245 से अधिक सदस्यों ने मनाया रंगों का पर्व, झूलों-स्लाइड्स और संगीत के साथ हुआ उत्सव
अग्रवाल यूथ क्लब (AYC) भिलाई द्वारा होली के अवसर पर “जल तरंग – होली मिलन समारोह” का आयोजन शनिवार को सरोना स्थित अम्यूज ओरामा वॉटर पार्क में उत्साह और उमंग के साथ किया गया। क्लब के लगभग 245 से अधिक सदस्यों ने रंग-गुलाल, संगीत और मनोरंजक गतिविधियों के बीच होली का आनंद लिया।
भिलाई। अग्रवाल यूथ क्लब (AYC) भिलाई द्वारा होली पर्व के उपलक्ष्य में “जल तरंग – होली मिलन समारोह” का भव्य आयोजन 7 मार्च को सरोना रायपुर स्थित अम्यूज ओरामा वॉटर पार्क में किया गया। प्राकृतिक माहौल और मनोरंजन सुविधाओं से भरपूर इस स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में क्लब के करीब 245 से अधिक सदस्य परिवार सहित शामिल हुए और रंगों के इस पर्व को उल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। संगीत की धुनों के बीच नृत्य, हंसी-मजाक और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। वॉटर पार्क की आकर्षक स्लाइड्स और झूलों का बच्चों के साथ-साथ युवाओं और वरिष्ठ सदस्यों ने भी भरपूर आनंद उठाया। पूरे आयोजन में आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे की भावना देखने को मिली।
इस अवसर पर सभी सदस्यों के लिए स्वादिष्ट लंच और हाई-टी की विशेष व्यवस्था की गई थी। परिवारों के साथ पहुंचे सदस्यों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हुए आपसी मेल-मिलाप का आनंद लिया। रंगों और उमंग से भरे इस आयोजन ने सभी के लिए यादगार पल सहेज लिए।
कार्यक्रम की सफलता के लिए AYC भिलाई की प्रेसिडेंट टीम 2025-26 ने कार्यक्रम संयोजक प्रियंका अंकित बंसल और हर्षिता सूरज अग्रवाल का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही वर्ष 2025-26 की पूरी कमेटी के सदस्यों को उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया।
इस मौके पर क्लब के प्रेसिडेंट आशीष अग्रवाल और सेक्रेटरी मनीष अग्रवाल ने कहा कि AYC भिलाई अपने सदस्यों के लिए आगे भी इसी तरह के सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव और भाईचारा और अधिक मजबूत हो सके। कार्यक्रम का समापन सभी सदस्यों द्वारा एक-दूसरे के साथ होली के रंग और खुशियां साझा करते हुए हर्षोल्लास के वातावरण में किया गया।