रायपुर से नागपुर जा रहा था वाहन, दुर्ग में पुलिस ने पकड़ा; हवाला की रकम होने का संदेह, दो लोग हिरासत में
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले में पुलिस ने एक पिकअप वाहन के भीतर बनाए गए गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपए नकद बरामद किए हैं। रविवार रात वाहन जांच के दौरान सामने आए इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक आशंका है कि रकम हवाला से जुड़ी हो सकती है और इसे रायपुर से नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस नकदी के स्रोत और इसे पहुंचाने के पीछे के उद्देश्य का पता लगाने में जुटी है।
मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा का है। पुलिस को 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे संदिग्ध वाहन में बड़ी रकम ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक सीजी 04 क्यूयू 5996 को रोक लिया। वाहन रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था।
पिकअप की तलाशी लेने पर उसका पिछला हिस्सा सामान्य से अलग दिखाई दिया। इसे इस तरह बंद और परिवर्तित किया गया था कि अंदर रखी सामग्री बाहर से नजर न आए। पुलिस ने जब वाहन की बारीकी से जांच की तो पिछले हिस्से में एक गुप्त चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर बड़ी मात्रा में नकदी रखी हुई थी। गिनती करने पर कुल 4 करोड़ रुपए बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। उनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। डाभी वाहन चला रहा था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अब तक रकम के वास्तविक मालिक और नागपुर में इसे किसे सौंपा जाना था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
नकदी के स्रोत की जांच, आयकर विभाग को दी जाएगी जानकारी
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वाहन में गुप्त चेंबर कब बनाया गया और इसे तैयार कराने में किसकी भूमिका थी। बरामद रकम से संबंधित दस्तावेजों तथा उसके स्रोत की जांच की जा रही है। मामले में आयकर विभाग को जानकारी भेजने की तैयारी भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ नकदी के लेन-देन और इससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी सामने आ सकती है।