28 और 29 अक्टूबर को कई इलाकों में बरस सकते हैं बादल, बस्तर में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं; किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। किसानों को अगले 2 से 4 दिनों तक धान और अन्य फसलों की कटाई रोकने, खेतों में कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने कहा गया है। बारिश और तेज हवाओं से तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 26 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। मंगलवार 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
अंबिकापुर में सबसे ठंडी रही रात
प्रदेश में रविवार को तापमान में क्षेत्रवार अंतर देखने को मिला। रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री, पेंड्रारोड में 30.8 डिग्री, जगदलपुर में 31.7 डिग्री और राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, अगले दिन से संभावित मौसमी बदलाव के चलते प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।