अमित शाह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की मंजूरी, NDRF से राज्यों को 1912.99 करोड़ की सहायता
प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी आर्थिक सहायता की घोषणा की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति ने वर्ष 2025 में आई विभिन्न आपदाओं से प्रभावित राज्यों के लिए 1912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है। इसमें छत्तीसगढ़ को 15.70 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
रायपुर। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों को राहत और पुनर्वास कार्यों में सहायता देने के लिए केंद्र सरकार ने अतिरिक्त आर्थिक मदद को मंजूरी दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति ने वर्ष 2025 के दौरान आई बाढ़, फ्लैश फ्लड, बादल फटने, भूस्खलन और चक्रवाती तूफान ‘मोन्था’ जैसी आपदाओं से प्रभावित राज्यों के लिए कुल 1912.99 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता स्वीकृत की है।
इस निर्णय के तहत छत्तीसगढ़ को 15.70 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। यह राशि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) से जारी की जाएगी, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सहायता के लिए केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए महत्वपूर्ण है और इससे राहत कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा के समय राज्यों को हर संभव सहयोग देना सरकार की प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत, पुनर्वास और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र लगातार कदम उठा रहा है।
गौरतलब है कि यह राशि राज्यों को पहले से दी गई सहायता के अतिरिक्त है। वित्त वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार ने State Disaster Response Fund (SDRF) के तहत 28 राज्यों को 20,735.20 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जबकि National Disaster Response Fund (NDRF) के माध्यम से 21 राज्यों को 3,628.18 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
इसके अलावा आपदा जोखिम को कम करने और दीर्घकालिक सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के उद्देश्य से State Disaster Mitigation Fund (SDMF) के तहत 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपये तथा National Disaster Mitigation Fund (NDMF) से 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।