सामान्य से 6°C तक ज्यादा तापमान, ट्रफ लाइन सक्रिय; अगले 24 घंटे में 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा
छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेज हो गया है, लेकिन मौसम जल्द ही करवट ले सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
रायपुर। प्रदेश में मार्च के मध्य तक गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। कई जिलों में तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे में तापमान में लगभग 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
ट्रफ लाइन से बन रहा मौसम का सिस्टम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण आंतरिक ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है। यह प्रणाली समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है।
इस ट्रफ लाइन के कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है। जब उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं और दक्षिण दिशा से आने वाली गर्म व नम हवाएं आपस में मिलती हैं, तो बादलों का निर्माण होता है। इसी वजह से कई बार तेज धूप के बीच अचानक स्थानीय मौसम तंत्र सक्रिय हो जाता है और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने लगती है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है, जिससे भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है।