सचिन पायलट, भूपेश बघेल समेत वरिष्ठ नेता होंगे शामिल • 30 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के रायपुर पहुंचने का दावा • ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
मनरेगा, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस मंगलवार को राजधानी रायपुर में विधानसभा घेराव करने जा रही है। प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना के बीच कांग्रेस नेतृत्व ने आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
रायपुर। विभिन्न जन मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज राजधानी रायपुर में विधानसभा घेराव करेगी। मनरेगा योजना के नाम में बदलाव, रसोई गैस की बढ़ती कीमतें, बिजली दरों में वृद्धि और किसानों से जुड़े मामलों को लेकर पार्टी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
विधानसभा घेराव की तैयारियों को लेकर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिवों ने रायपुर में बैठक कर रणनीति की समीक्षा की। बैठक में आंदोलन को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बिजली दरों में बढ़ोतरी, धान खरीदी को लेकर वादाखिलाफी, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें, बिगड़ती कानून व्यवस्था और नशे के बढ़ते कारोबार जैसे कई मुद्दों से आम जनता परेशान है। इन सभी सवालों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। एआईसीसी के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कई प्रमुख नेता कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन में भाग लेंगे।
भारत माता चौक से विधानसभा तक मार्च
कांग्रेस कार्यकर्ता राजधानी के शंकर नगर स्थित केनाल रोड पर भारत माता चौक में एकत्र होंगे। यहां सभा के बाद दोपहर करीब 12 बजे कार्यकर्ता रैली के रूप में विधानसभा की ओर कूच करेंगे। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 30 हजार से अधिक कार्यकर्ता इस आंदोलन में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंचेंगे।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
विधानसभा घेराव के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। केनाल रोड पर शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक और भारत माता चौक से आनंद नगर चौक तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।
वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था
पंडरी की ओर से आने वाले वाहनों को शांति नगर से मधु पिल्ले चौक होते हुए आईजी कार्यालय मार्ग से शंकर नगर की ओर भेजा जाएगा। वहीं आनंद नगर चौक से पंडरी की ओर जाने वाले वाहन भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक और ऑक्सीजोन मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
प्रशासन ने आम नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।