शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने तीन मंजिला मकान को घेरा, सिलेंडर धमाकों से मचा हड़कंप; फायर ब्रिगेड देर से पहुंची
मध्यप्रदेश के इंदौर में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट ने एक परिवार के लिए मौत का मंजर खड़ा कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन मंजिला मकान धू-धू कर जल उठा। डिजिटल लॉक सिस्टम फेल होने से अंदर सो रहे लोग बाहर नहीं निकल सके, जिससे 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
इंदौर (ए)। इंदौर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। इलेक्ट्रिक कार (टाटा पंच) को चार्ज करते समय हुए शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दर्दनाक हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी गर्भवती बहू सिमरन समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 6 लोग मनोज के रिश्तेदार थे, जो बिहार के किशनगंज से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
पुलिस के अनुसार, आग कार से शुरू होकर पूरे घर में फैल गई और अंदर रखे गैस सिलेंडरों तक पहुंच गई। इसके बाद एक के बाद एक कई सिलेंडर फटने लगे, जिससे तेज धमाकों के साथ मकान का एक हिस्सा भी ढह गया।
हादसे का सबसे भयावह पहलू यह रहा कि घर में लगे डिजिटल लॉक सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। अंदर सो रहे लोग दरवाजे नहीं खोल पाए और धुएं व आग के बीच फंसकर रह गए। उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने की सूचना तुरंत दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचीं। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और बचाव कार्य बेहद मुश्किल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। प्रशासन द्वारा हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।