- सचिन पायलट पहुंचे, भूपेश बघेल के भी शामिल होने की तैयारी
- मनरेगा नाम बदलने, गैस सिलेंडर कीमत और बिजली दरों को लेकर विरोध
- प्रदेशभर से 30 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं के रायपुर पहुंचने का दावा
मनरेगा का नाम बदलने, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और बिजली दरों में वृद्धि सहित कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को रायपुर में विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। पार्टी का दावा है कि इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजधानी पहुंच रहे हैं। आंदोलन में वरिष्ठ नेता सचिन पायलट शामिल हो चुके हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी थोड़ी देर में पहुंचने की संभावना है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज कांग्रेस ने विभिन्न जन मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव का आयोजन किया है। पार्टी ने मनरेगा योजना का नाम बदलने, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में वृद्धि और किसानों से किए गए वादों को पूरा न करने जैसे मुद्दों पर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि यह प्रदर्शन ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों से जुड़ी समस्याओं, धान खरीदी में कथित वादाखिलाफी, कानून व्यवस्था की स्थिति और प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार जैसे मुद्दों को भी आंदोलन का हिस्सा बनाया गया है।
कांग्रेस के इस घेराव कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट रायपुर पहुंच चुके हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी थोड़ी देर में आंदोलन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी का दावा है कि इस प्रदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजधानी पहुंचे हैं। कांग्रेस के अनुसार करीब 30 हजार से अधिक कार्यकर्ता इस घेराव में शामिल हो सकते हैं।
घेराव को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह आंदोलन प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है और सरकार से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।