Oplus_16908288
कुम्हारी टोल के पास रिपेयरिंग कार्य के चलते वैकल्पिक मार्ग तय, रोजाना डेढ़ लाख वाहन प्रभावित होंगे
रायपुर और दुर्ग को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-53 स्थित खारून नदी ब्रिज पर मरम्मत कार्य शुरू होने जा रहा है। इस कारण कुम्हारी टोल के आसपास यातायात प्रभावित होने की संभावना है। रोजाना भारी संख्या में गुजरने वाले वाहनों को देखते हुए पुलिस ने पहले ही डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।
रायपुर/दुर्ग। नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी टोल के पास स्थित खारून नदी ब्रिज, जो दुर्ग और रायपुर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, अब मरम्मत कार्य के चलते प्रभावित रहेगा। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे यह राज्य के सबसे व्यस्त रूट्स में से एक है।
ब्रिज पर रिपेयरिंग कार्य शुरू होने के कारण दोनों ओर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने की आशंका है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान तैयार किया है।
डायवर्जन प्लान इस प्रकार रहेगा:
दुर्ग से रायपुर (एयरपोर्ट/नया रायपुर/मंत्रालय) जाने वाले वाहन सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग का उपयोग करेंगे।
भिलाई, रिसाली, उतई से आने वाले वाहन सेलूद–फूंडा–जामगांव–मोतीपुर–अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचेंगे।
चरोदा, कुम्हारी, भिलाई-3 क्षेत्र से आने वाले वाहन सिरसा गेट–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे।
कुम्हारी और अहिरवार क्षेत्र से रायपुर आने वाले वाहन कुम्हारी–उरला–खमरिया–अमलेश्वर मार्ग अपनाएंगे।
वहीं, कुम्हारी टोल से रायपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए चंदनीडीह तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।
रायपुर से दुर्ग जाने वाले हल्के वाहन चंदनीडीह से पुराने रपटा पुल का उपयोग कर सकेंगे।
भटगांव और अमलेश्वर मार्ग से भी दुर्ग-भिलाई के लिए वैकल्पिक रास्ता तय किया गया है।
प्रशासन की अपील
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें और एयरपोर्ट, अस्पताल, रेलवे स्टेशन या परीक्षा केंद्र जैसे जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त समय लेकर ही यात्रा करें।
साथ ही, चंदनीडीह से कुम्हारी टोल के बीच बनाए गए वन-वे मार्ग पर ओवरटेक करने से सख्त मना किया गया है, क्योंकि इस सिंगल ब्रिज पर ही एकतरफा यातायात संचालित किया जाएगा।