रणवीर सिंह की फिल्म ने ‘KGF चैप्टर 2’ और ‘जवान’ को पछाड़ा, 10वें दिन भी कमाई का तूफान जारी
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए 1200 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है। फिल्म ने दुनियाभर में 1226 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में छठा स्थान हासिल कर लिया है।
मुंबई (ए)। दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज के चलते ‘धुरंधर 2 (धुरंधर: द रिवेंज)’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। रणवीर सिंह की इस एक्शन ड्रामा फिल्म ने महज दस दिनों में ही दुनियाभर में 1,226.44 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
फिल्म ने इस उपलब्धि के साथ ‘KGF चैप्टर 2’ (1,215 करोड़ रुपए) और ‘जवान’ (1,160 करोड़ रुपए) जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की रफ्तार अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही है।
भारत में ‘धुरंधर 2’ का नेट कलेक्शन 778.77 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 930.44 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है। वहीं, विदेशी बाजारों में फिल्म ने 296 करोड़ रुपए की कमाई कर कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन को 1,226.44 करोड़ रुपए तक पहुंचा दिया है।
रिलीज के 10वें दिन फिल्म ने भारत में 62.85 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। इसमें हिंदी वर्जन का योगदान सबसे ज्यादा रहा, जिसने अकेले 58 करोड़ रुपए की कमाई की। इसके अलावा तेलुगु में 3 करोड़, तमिल में 1.40 करोड़, कन्नड़ में 0.30 करोड़ और मलयालम में 0.15 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।
विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म की मजबूत पकड़ और दर्शकों का उत्साह इसे आने वाले दिनों में और बड़े रिकॉर्ड्स की ओर ले जा सकता है।