टिकरापारा का मामला; बैंक खाते से 12 ट्रांजैक्शन में पैसे पार, एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिंक सामने आया
राजधानी में साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। इस बार ठगों ने एक बुजुर्ग किसान को निशाना बनाते हुए उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से लाखों रुपए निकाल लिए। घटना के बाद पुलिस और साइबर सेल जांच में जुट गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में साइबर अपराध का एक और गंभीर मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक 74 वर्षीय किसान को शिकार बनाकर उनके बैंक खाते से 2.78 लाख रुपए निकाल लिए। यह पूरी वारदात मोबाइल हैकिंग के जरिए अंजाम दी गई।
टिकरापारा निवासी पीड़ित चोलाराम मरकाम के अनुसार, उनका खाता दुर्ग जिले के रानीतराई स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में है। 20 मार्च 2026 की शाम उनके मोबाइल पर 1,000 रुपए कटने का मैसेज आया, जिसके बाद उन्हें संदेह हुआ।
23 मार्च को जब वे बैंक पहुंचे और पासबुक एंट्री कराई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। 19 से 22 मार्च के बीच ठगों ने उनके खाते से कुल 2.78 लाख रुपए 12 अलग-अलग ट्रांजैक्शन में निकाल लिए थे।
जांच में सामने आया डिजिटल ट्रेल
शिकायत के बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर मामला दर्ज कराया। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि ट्रांजैक्शन की एक राशि एयरटेल पेमेंट्स बैंक के एक संदिग्ध खाते में ट्रांसफर की गई है। अन्य खातों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस और साइबर सेल लगातार जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
टिकरापारा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
साइबर ठगी से बचाव के उपाय
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, इससे मोबाइल हैक हो सकता है।
बैंक खाते से संदिग्ध ट्रांजैक्शन होते ही तुरंत 1930 पर कॉल करें।
www.cybercrime.gov.in
पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
बुजुर्गों को डिजिटल पेमेंट और OTP सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।