गूगल का नया फीचर लॉन्च, पुराने इनबॉक्स में ही मिलते रहेंगे मेल; फिलहाल अमेरिका में शुरू हुई सुविधा
डिजिटल पहचान को और लचीला बनाने की दिशा में गूगल ने Gmail यूजर्स के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब यूजर्स अपने ईमेल एड्रेस का यूजरनेम बदल सकेंगे, जिससे पुराने और असुविधाजनक आईडी से छुटकारा मिल सकेगा।
नई दिल्ली (ए)। टेक दिग्गज Google ने अपने लोकप्रिय ईमेल प्लेटफॉर्म Gmail में एक अहम फीचर पेश किया है। इस अपडेट के तहत अब यूजर्स अपनी ईमेल आईडी के यूजरनेम, यानी @gmail.com से पहले वाले हिस्से को बदल सकेंगे।
कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स को उनकी डिजिटल पहचान को अपडेट करने की आज़ादी देगा। खासतौर पर उन लोगों के लिए यह उपयोगी साबित होगा, जिन्होंने वर्षों पहले जल्दबाजी या मज़ाक में कोई यूजरनेम बना लिया था और अब उसे बदलना चाहते हैं।
फिलहाल यह सुविधा अमेरिका के चुनिंदा यूजर्स के लिए जारी की गई है। माना जा रहा है कि चरणबद्ध तरीके से इसे अन्य देशों में भी उपलब्ध कराया जाएगा।
Sundar Pichai ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस फीचर की जानकारी साझा करते हुए कहा कि “2004 भले ही अच्छा साल रहा हो, लेकिन आपके Gmail एड्रेस को उसी समय में अटका रहने की जरूरत नहीं है।” उनके इस बयान को यूजर्स के पुराने और ‘अजीब’ ईमेल एड्रेस से छुटकारा दिलाने की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।
इस नए फीचर की खास बात यह है कि यूजरनेम बदलने के बावजूद यूजर्स का पुराना इनबॉक्स, ईमेल डेटा और संपर्क सुरक्षित रहेंगे। यानी नए एड्रेस पर आने वाले मेल सीधे उसी पुराने इनबॉक्स में मिलते रहेंगे, जिससे किसी भी तरह की जानकारी खोने का खतरा नहीं होगा।
टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फीचर प्रोफेशनल यूजर्स के लिए बेहद फायदेमंद होगा, जो अपने ईमेल एड्रेस को ज्यादा औपचारिक और प्रभावशाली बनाना चाहते हैं।
गौरतलब है कि Gmail के लॉन्च के बाद से अब तक यूजरनेम बदलने की सुविधा नहीं थी, जिसके चलते यूजर्स को नया अकाउंट बनाना पड़ता था। ऐसे में यह अपडेट लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या का समाधान माना जा रहा है।