गोंदिया स्टेशन पर ट्रैक सुधार कार्य के चलते छत्तीसगढ़, गोंडवाना और समता एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें प्रभावित, पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी बदला
बिलासपुर। रेलवे द्वारा ट्रैक मेंटेनेंस और नई लाइन बिछाने के कार्य के कारण अप्रैल माह में ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 5 से 27 अप्रैल तक अलग-अलग तारीखों में कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें रद्द की गई हैं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे प्रशासन ने नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन पर चल रहे ट्रैक अपग्रेडेशन कार्य के चलते कई ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इस कार्य के अंतर्गत प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पुरानी लाइन हटाकर नई ट्रैक डाली जा रही है, जिसके कारण करीब 20 दिनों का ब्लॉक लिया गया है।
इसका सीधा असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा है। बिलासपुर-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) 5 से 25 अप्रैल तक रद्द रहेगी, जबकि अमृतसर-बिलासपुर (18238) 7 से 27 अप्रैल तक नहीं चलेगी।
इसी तरह गोंडवाना एक्सप्रेस की सेवाएं भी बाधित रहेंगी। निजामुद्दीन-रायगढ़ (12410) और रायगढ़-निजामुद्दीन (12409) गोंडवाना एक्सप्रेस अप्रैल में कई दिनों तक रद्द रहेंगी, जिससे उत्तर भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी होगी।
समता एक्सप्रेस भी इस दौरान प्रभावित ट्रेनों की सूची में शामिल है और इसे भी अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है।
वहीं, कुछ पैसेंजर ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा। गोंदिया-झारसुगुड़ा और झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर ट्रेनें 16 से 27 अप्रैल तक बिलासपुर स्टेशन से ही शुरू और समाप्त होंगी। इस दौरान बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में इनका संचालन बंद रहेगा।
रेलवे के अनुसार, बिलासपुर जोन की करीब 10 पैसेंजर ट्रेनें 11 से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग दिनों में रद्द रहेंगी। इससे रायगढ़, कोरबा, गेवरारोड और रायपुर रूट के यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ेगी।
हालांकि, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने आंशिक वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को इस अवधि में कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा।