टर्बाइन सेक्शन में ब्लास्ट के बाद फैली आग, 7 से अधिक कर्मचारियों के घायल होने की आशंका
औद्योगिक नगरी भिलाई में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में अचानक विस्फोट के बाद भीषण आग भड़क उठी। हादसे में कई कर्मचारियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
भिलाई। Bhilai Steel Plant के पावर प्लांट-2 में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे टर्बाइन सेक्शन में अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में पूरे प्लांट परिसर में धुएं का घना गुबार छा गया और आसमान तक लपटें दिखाई देने लगीं।
घटना के समय प्लांट के अंदर मौजूद कर्मचारियों ने हालात बिगड़ते देख तुरंत सुरक्षित रास्तों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। संयंत्र प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुट गई।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि हादसे में 7 से अधिक कर्मचारियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो नियमित कर्मचारी और तीन ठेका श्रमिक हल्की चोटों के साथ घायल हुए हैं, जबकि एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। सभी घायलों को सेक्टर-9 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टर्बाइन में अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में प्लांट का बड़ा हिस्सा धुएं से भर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव को इसकी वजह माना जा रहा है। प्रबंधन और प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
हादसे के बाद प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान और वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।