विपश्यना शिविर में शामिल होने हेतु 12 दिन की विशेष छुट्टी, सेवाकाल में 6 बार मिलेगा लाभ
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारियों की कार्यक्षमता, मानसिक स्वास्थ्य और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक अभिनव निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब राज्य के अधिकारी और कर्मचारी 10 दिवसीय आवासीय विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश (स्पेशल कैजुअल लीव) का लाभ उठा सकेंगे।

इस नई व्यवस्था के तहत, प्रत्येक कर्मचारी को अपने पूरे सेवाकाल में अधिकतम 6 बार इस विशेष अवकाश की सुविधा मिलेगी। एक शिविर में भाग लेने के लिए यात्रा समय सहित अधिकतम 12 दिन की छुट्टी स्वीकृत की जाएगी। खास बात यह है कि यह अवकाश ड्यूटी-डे में ही शामिल किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों के नियमित अवकाश पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा।
सरकार का मानना है कि विपश्यना जैसे ध्यान पद्धति से कर्मचारियों के मानसिक तनाव में कमी आएगी, निर्णय क्षमता बेहतर होगी और कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा। यह पहल न केवल कर्मचारियों के व्यक्तिगत जीवन में संतुलन लाएगी, बल्कि प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता में भी सुधार लाने में सहायक साबित होगी।
इस निर्णय को कर्मचारी हित में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जो भविष्य में अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन सकता है।