निर्धारित तारीखों पर रूट डायवर्जन और देरी, यात्रियों की सुविधा के लिए आद्रा से मुंबई तक समर स्पेशल ट्रेन का संचालन
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज स्टेशन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। इस दौरान दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए एक फेरे के लिए समर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है।
रायपुर। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज स्टेशन में जारी यार्ड रीमॉडलिंग कार्य का असर अब लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी दिखने लगा है। रेलवे प्रशासन ने 15160 / 15159 दुर्ग-छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस के संचालन में बदलाव करते हुए इसे निर्धारित तिथियों में परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 15159 छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस 30 अप्रैल 2026 को अपने सामान्य मार्ग औड़िहार-वाराणसी-प्रयाग-प्रयागराज-मानिकपुर के बजाय औड़िहार-जौनपुर-वाराणसी-जिवनाथपुर-प्रयागराज छिवकी-मानिकपुर मार्ग से होकर संचालित होगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस 29 अप्रैल 2026 को मानिकपुर-प्रयागराज-प्रयाग-वाराणसी-औड़िहार मार्ग के स्थान पर मानिकपुर-प्रयागराज-छिवकी-जिवनाथपुर-वाराणसी-जौनपुर-औड़िहार होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।
इसके अलावा, छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस (15159) को 24, 27 और 29 अप्रैल को लगभग 35 मिनट की देरी के साथ नियंत्रित कर चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
इधर, यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष सुविधा भी शुरू की है। गाड़ी संख्या 02830 समर स्पेशल ट्रेन आद्रा जंक्शन से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच एक फेरे के लिए चलाई गई। यह ट्रेन विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होते हुए निर्धारित समयानुसार अपने गंतव्य तक पहुंचेगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यार्ड रीमॉडलिंग का कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारू और सुरक्षित हो सकेगा। तब तक यात्रियों को अस्थायी बदलावों के साथ यात्रा करनी होगी।