रेलवे स्टेशन पर मिस्टिंग सिस्टम से राहत, मौसम विभाग ने अगले दिनों में हीट वेव और गर्म रातों का अलर्ट जारी किया
छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपने तेवर तेज कर दिए हैं। बिलासपुर में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि रायपुर में पारा 44 डिग्री पार करने का अनुमान है। बढ़ती गर्मी से राहत देने के लिए रेलवे स्टेशन पर मिस्टिंग सिस्टम लगाया गया है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने की आशंका जताई है।
रायपुर। प्रदेश में गर्मी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है और आमजन का जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बिलासपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिनभर तेज धूप और लू जैसे हालात बने रहे। गर्मी से राहत देने के लिए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर में विशेष इंतजाम किए हैं।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मिस्टिंग सिस्टम लगाया गया है, जिसके जरिए ठंडे पानी की बारीक फुहारें छोड़ी जा रही हैं। इससे यात्रियों को कुछ हद तक राहत मिल रही है, खासकर दोपहर के समय प्लेटफॉर्म पर खड़े लोगों को गर्मी से बचाव मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की हल्की गिरावट संभव है, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में गर्मी से राहत की उम्मीद फिलहाल कम नजर आ रही है।
राजधानी रायपुर में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले चार दिनों तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर ‘वॉर्म नाइट’ यानी गर्म रातें भी देखने को मिलेंगी।
वर्तमान में उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में एक साइक्लोन सर्कुलेशन सक्रिय है, जो तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए दक्षिणी हिस्सों तक फैला हुआ है। इस सिस्टम के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, हालांकि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।