भिलाई के मालवीय नगर में पुलिस की रेड, 1 लाख से ज्यादा का सामान जब्त; तंबाकू और ई-सिगरेट कानून के तहत केस दर्ज
भिलाई में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई छापेमारी में बड़ी मात्रा में हुक्का फ्लेवर और ई-सिगरेट जब्त की गई।
भिलाई/दुर्ग । नशीले और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहन नगर थाना पुलिस ने मालवीय नगर क्षेत्र में छापेमारी कर हुक्का फ्लेवर और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैन मंदिर के सामने स्थित एक दुकान में अवैध रूप से हुक्का से जुड़े तंबाकू उत्पाद और ई-सिगरेट का भंडारण व बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरियों में बड़ी मात्रा में हुक्का फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, हुक्का नोजल, चारकोल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.02 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों—राजेश जैन (38) और शैलेश जैन (36), दोनों निवासी मालवीय नगर, दुर्ग—को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹600 नकद भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 21(1), 4 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में मोहन नगर थाना पुलिस की सक्रिय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी प्रतिबंधित नशीले पदार्थों या तंबाकू उत्पादों का अवैध कारोबार हो रहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।