घनी आबादी के बीच भड़की आग
अंबिकापुर। शहर के राम मंदिर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्लास्टिक और पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
गोदाम में रखे पटाखों में लगातार हो रहे विस्फोटों के चलते आग तेजी से फैलती गई। तेज धमाकों और आसमान में उठते काले धुएं के गुबार ने आसपास के इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, प्रदेश के मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी घटनास्थल पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में आग के फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग में पूरी बिल्डिंग जलकर खाक हो चुकी है और भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। देर शाम तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था और दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकना है।