मोहन नगर और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस अभियान के तहत हुक्का फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और अवैध शराब की बिक्री में लिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई।
दुर्ग-भिलाई। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान मोहन नगर और सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक लाख रुपये से अधिक की अवैध सामग्री बरामद की।

मोहन नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में अवैध रूप से हुक्का फ्लेवर और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखे गए 55 पैकेट हुक्का फ्लेवर, 40 ई-सिगरेट, हुक्का नोजल और कोयला सहित अन्य सामान जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 1.02 लाख रुपये आंकी गई।
इस मामले में राजेश जैन (38) और शैलेश जैन (36) को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वहीं, सिटी कोतवाली पुलिस ने नयापारा रोड स्थित आरबीएस बस सर्विस डिपो के पास अवैध शराब की बिक्री पर कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर राहुल निषाद और प्रकाश निषाद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 69 पौवा देशी शराब (लगभग 12.420 बल्क लीटर) और नकदी बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।