नॉर्थ जोन में देर रात सरप्राइज चेकिंग; बदमाशों के घरों में दबिश, संदिग्धों से पूछताछ
शहर में बढ़ते अपराध पर लगाम कसने के लिए रायपुर पुलिस ने देर रात व्यापक अभियान चलाया। नॉर्थ जोन में की गई इस सरप्राइज कार्रवाई में 100 से अधिक वारंटी और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
रायपुर। राजधानी में अपराधों के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए व्यापक अभियान छेड़ा है। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में देर रात चलाए गए विशेष ऑपरेशन के तहत 100 से ज्यादा वारंटी, बदमाश और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हाल के दिनों में चाकूबाजी, हत्या और लूट जैसी वारदातों में वृद्धि दर्ज की गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अचानक चेकिंग अभियान शुरू किया गया। पुलिस की टीमों ने गुढ़ियारी, भारत माता चौक, रामनगर समेत कई इलाकों में गली-गली जाकर तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान फरार वारंटियों के घरों पर दबिश देकर उन्हें मौके से ही गिरफ्तार किया गया। कुछ आरोपी पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन मुस्तैद टीमों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
पुलिस ने इस दौरान न केवल वारंटियों को पकड़ा, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। कई पुराने मामलों में फरार चल रहे आरोपी भी इस कार्रवाई में पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह अचानक शुरू किया गया था, ताकि अपराधियों को सतर्क होने का मौका न मिल सके। पुलिस ने घर-घर पहुंचकर लोगों को कानून का पालन करने की हिदायत भी दी।
पुलिस का कहना है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही अपराध में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।