पहले चरण में भारी मतदान के बाद भाजपा ने 110 सीटें जीतने का किया दावा; बोले—अगला मुख्यमंत्री बंगाल का होगा, परिवारवाद नहीं चलेगा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे ‘भय से भरोसे की यात्रा’ बताते हुए भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।
कोलकाता (ए)। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि राज्य में हुए भारी मतदान ने बदलाव का संकेत दे दिया है और भाजपा बहुमत की ओर बढ़ रही है। शाह ने कहा कि पहले चरण की 152 सीटों में से भाजपा 110 सीटों पर जीत हासिल कर रही है और 4 मई को राज्य में नई सरकार का गठन होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करना होगी।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि वे जनता में भ्रम फैला रही हैं कि भाजपा की सरकार आने पर बाहरी लोगों का कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अगला मुख्यमंत्री बंगाल का ही होगा, लेकिन वह किसी परिवार विशेष से नहीं बल्कि भाजपा का कार्यकर्ता होगा।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए। शाह ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद ऐसी स्थिति बनेगी कि छोटी बच्चियां भी रात में बिना डर के घर से बाहर निकल सकेंगी। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
पहले चरण में 152 सीटों पर करीब 92.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसे चुनावी विश्लेषक अहम संकेत मान रहे हैं। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हुगली नदी में नाव की सवारी कर चुनावी माहौल को और धार दी। उन्होंने नाविकों से बातचीत की और इस दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए गंगा को बंगाल की आत्मा बताया।