बीजापुर में पुलिस जांच जारी, समग्र शिक्षा विभाग बोला—निर्माण भुगतान प्रक्रिया नियमानुसार हुई, हर स्तर पर सहयोग जारी
बीजापुर जिले में प्रधान अध्यापक राजू पुजारी की आत्महत्या मामले में अधूरे निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर बनाए गए दबाव संबंधी खबरों पर शिक्षा विभाग ने आपत्ति जताई है। समग्र शिक्षा विभाग ने इन खबरों को तथ्यहीन बताते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच में विभाग पुलिस को पूरा सहयोग दे रहा है।
रायपुर/बीजापुर। बीजापुर जिले के पालनार क्षेत्र में प्रधान अध्यापक राजू पुजारी की आत्महत्या से जुड़े मामले में सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स पर शिक्षा विभाग ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट कहा है कि अधूरे निर्माण कार्य के भुगतान के लिए दबाव बनाए जाने जैसी खबरों में कोई तथ्य नहीं है और इससे जनता के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है।
जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा बीजापुर की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ग्राम पंचायत पालनार अंतर्गत प्राथमिक शाला मझारपारा में पदस्थ प्रधान पाठक राजू पुजारी का 22 अप्रैल 2026 को निधन हुआ, जो बेहद दुखद घटना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के पास से कुछ पत्र भी बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
विभाग ने बताया कि प्राथमिक शाला भवन और अतिरिक्त कक्ष निर्माण का कार्य शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से कराया गया था, जिसमें प्रधान अध्यापक पदेन अध्यक्ष की भूमिका में होते हैं। निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत राशि की प्रथम किस्त नियमानुसार जारी की गई थी। इसके बाद कार्य प्रगति, माप पुस्तिका, पूर्णता प्रमाण पत्र, हस्तांतरण दस्तावेज तथा फोटोग्राफ प्राप्त होने पर रनिंग बिल के जरिए भुगतान किया गया।
समग्र शिक्षा विभाग के अनुसार प्राथमिक शाला भवन और अतिरिक्त कक्ष का निर्माण फरवरी 2026 में ही पूर्ण हो चुका था। शेष 60 प्रतिशत राशि राज्य स्तर से प्राप्त होना अभी लंबित है। विभाग ने दावा किया कि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या दबाव की स्थिति सामने नहीं आई है।
जिला मिशन समन्वयक ने कहा कि कुछ समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों में बिना तथ्य सत्यापन के प्रसारित खबरें भ्रामक हैं। विभाग ने मीडिया से अपील की है कि संवेदनशील मामले में केवल आधिकारिक और सत्यापित जानकारी के आधार पर ही समाचार प्रकाशित किए जाएं।
विभाग ने दोहराया कि आत्महत्या प्रकरण की जांच पुलिस कर रही है और शिक्षा विभाग हर स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रहा है।