कुम्हारी की विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉट किए गए जब्त, PMLA निर्णायक प्राधिकरण ने कुर्की को दी मंजूरी; शराब घोटाले की रकम से खरीदी गई संपत्तियां होने का आरोप
छत्तीसगढ़ के कथित 3 हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जा कर लिया है। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 61 करोड़ रुपए बताई गई है। PMLA के निर्णायक प्राधिकरण से कुर्की की मंजूरी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
दुर्ग-भिलाई। कुम्हारी स्थित विट्ठल कॉलोनी में शनिवार को ED की टीम ने कार्रवाई करते हुए संपत्तियों पर कब्जे की प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों के अनुसार, कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बेचे जा चुके हैं, इसलिए उन्हें कार्रवाई से बाहर रखा गया है। शेष 355 प्लॉटों को जब्त किया गया है। इनमें एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है। कार्रवाई के बाद कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर नोटिस चस्पा कर दिया गया।
शराब घोटाले की रकम से संपत्ति खरीदने का आरोप
ED की जांच में आरोप लगाया गया है कि छत्तीसगढ़ में हुए कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध धन का इस्तेमाल जमीन और अन्य अचल संपत्तियां खरीदने में किया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय थे और अवैध लेन-देन का हिसाब-किताब संभालते थे। इसी आधार पर उनसे जुड़ी संपत्तियों को मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।

मार्च में प्राधिकरण ने दी थी मंजूरी
ED ने इससे पहले 10 नवंबर 2025 को चैतन्य बघेल से संबंधित संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को PMLA के निर्णायक प्राधिकरण के समक्ष शिकायत पेश की गई। 19 मार्च 2026 को सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने ED की कार्रवाई को सही ठहराया। 23 मार्च 2026 को जारी आदेश में करोड़ों रुपए की संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी दी गई थी।
मकान, बैंक जमा और कृषि भूमि भी सूची में
कुर्की आदेश की प्रतियां भिलाई-3 स्थित चैतन्य बघेल के मानसरोवर आवासीय परिसर के घर की बाहरी दीवार पर भी चस्पा की गई थीं। आदेश में भिलाई-3 की करीब 1 करोड़ 64 लाख 87 हजार रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति, भिलाई का आवासीय मकान, दुर्ग की व्यावसायिक संपत्ति, बैंक में जमा रकम, फिक्स्ड डिपॉजिट और पाटन तहसील के ग्राम कुरुडीह की कृषि भूमि का उल्लेख है।
अपील का भी है कानूनी विकल्प
विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जे की कार्रवाई के बाद चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों पर ED की कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ गई है। हालांकि, PMLA के आदेश के खिलाफ उन्हें अपीलीय न्यायाधिकरण में चुनौती देने का अधिकार है। इसके लिए निर्धारित 45 दिनों के भीतर ऑनलाइन अपील दाखिल की जा सकती है।