1984 के सिख विरोधी दंगों पर कथित बयान को लेकर गैंगस्टर बनाना चाहता था निशाना, मुंबई पुलिस की मदद से दिल्ली स्पेशल सेल ने दबोचा
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी करने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस के सहयोग से दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विदेश में बैठे एक गैंगस्टर ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ के कथित बयान से नाराज होकर उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई थी। दोनों आरोपियों को अलग-अलग वारदातों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अमृतसर (ए)। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों विदेश में सक्रिय एक गैंगस्टर के लिए काम कर रहे थे। गैंगस्टर ने दीपक सिंह को मुंबई में रुककर अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करने का जिम्मा सौंपा था।
पुलिस के मुताबिक, दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांटेड था। इस हत्याकांड में शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में पता चला कि दीपक को मुंबई में कुछ समय तक रुकने और अमिताभ के आवास के बाहर गोलीबारी करने के निर्देश मिले थे।
दिल्ली के कारोबारी से रंगदारी की भी थी योजना
दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य के अनुसार, विकास ठाकुर जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला है। उसे मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। वहां एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए उस पर फायरिंग करनी थी। इस वारदात में दीपक सिंह को भी शामिल होना था। हालांकि, पुलिस ने योजना पर अमल होने से पहले ही विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुंबई में कार्रवाई कर दीपक को भी पकड़ लिया गया।
1984 के दंगों से जुड़ा है विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर अमिताभ बच्चन के 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े कथित बयान को लेकर नाराज था। कुछ सिख संगठनों और दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ ने भीड़ को उकसाया था।
शिकायतकर्ताओं का दावा था कि दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान अमिताभ ने हाथ उठाकर ‘खून का बदला खून’ जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो अब तक सार्वजनिक नहीं हुआ है। अमिताभ बच्चन ने भी ऐसा कोई बयान देने से इनकार किया है।