15 नवंबर से 1.50 रुपए महंगी हुई गैस, इस साल आठवीं बार बढ़े रेट; ऑटो रिक्शा यूनियनों ने फिर उठाई किराया बढ़ाने की मांग
महंगाई की मार झेल रहे मुंबई और आसपास के वाहन चालकों को अब सीएनजी के लिए भी ज्यादा कीमत चुकानी होगी। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने 15 नवंबर से सीएनजी के दाम में 1.50 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी है। इसके बाद खुदरा कीमत 91.50 रुपए प्रति किलो हो गई है। इस साल जनवरी से अब तक गैस के दाम में कुल 11 रुपए का इजाफा हो चुका है। लगातार बढ़ती कीमतों से ऑटो और टैक्सी चालकों की लागत भी बढ़ रही है।
मुंबई (ए)। महानगर गैस लिमिटेड ने शनिवार को कीमतों में संशोधन की घोषणा की थी। कंपनी ने गैस खरीदने की लागत बढ़ने को इस फैसले की प्रमुख वजह बताया है। वर्ष 2026 में यह आठवीं बार है, जब एमजीएल ने सीएनजी के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले 1 नवंबर को कीमत में एक रुपए प्रति किलो की वृद्धि की गई थी।
इस साल की शुरुआत में मुंबई में सीएनजी 80.50 रुपए प्रति किलो मिल रही थी। अब इसका भाव बढ़कर 91.50 रुपए हो गया है। यानी 11 महीने से भी कम समय में कीमत करीब 14 प्रतिशत बढ़ चुकी है। सितंबर की शुरुआत से 15 नवंबर तक ही सीएनजी 5.50 रुपए प्रति किलो महंगी हुई है।
इस साल आठ बार बढ़े दाम
सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला फरवरी से शुरू हुआ। फरवरी में 50 पैसे प्रति किलो की वृद्धि की गई। अप्रैल में एक रुपए और मई में दो बार दो-दो रुपए की बढ़ोतरी हुई। सितंबर में दो रुपए, अक्टूबर में एक रुपए और 1 नवंबर को फिर एक रुपए प्रति किलो दाम बढ़ाए गए। अब 15 नवंबर से 1.50 रुपए की ताजा वृद्धि लागू हो गई है।
ऑटो चालकों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
सीएनजी के लगातार महंगे होने से मुंबई के ऑटो रिक्शा चालकों में नाराजगी बढ़ रही है। ऑटो रिक्शा यूनियनों ने एक बार फिर यात्री किराया बढ़ाने की मांग उठाई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई रिक्शामेन्स यूनियन के थम्पी कुरियन का कहना है कि बार-बार गैस के दाम बढ़ने से हाल ही में बढ़ाए गए किराए का लाभ भी चालकों को नहीं मिल पा रहा है। ईंधन पर खर्च बढ़ने से उनकी कमाई प्रभावित हो रही है।