16 से 18 नवंबर तक जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर का दौरा; साल्ही में कोयला परियोजनाओं से प्रभावित ग्रामीणों की सुनेंगे समस्याएं
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत 16 नवंबर से तीन दिवसीय प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे सरगुजा संभाग के कोयला खदान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों और संबंधित पक्षों से सीधा संवाद करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तरीय जन चौपाल और संगठनात्मक बैठकों के जरिए पार्टी की जमीनी स्थिति का जायजा भी लेंगे।
रायपुर। सुखदेव भगत 16 नवंबर को झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। शंख नदी के पास प्रदेश की सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पहले दिन उनका रात्रि विश्राम मैनपाट में प्रस्तावित है।
साल्ही में खदान प्रभावितों के साथ होगी बैठक
दौरे के दूसरे दिन 17 नवंबर को सुखदेव भगत मैनपाट से उदयपुर पहुंचेंगे। यहां बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होने के बाद ग्राम साल्ही जाएंगे। यहां पीईकेबी, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों तथा संबंधित हितधारकों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े विवादों, स्थानीय लोगों की समस्याओं और प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा परिस्थितियों पर चर्चा होगी।
इसके बाद वे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली (मेंद्रा) में जन चौपाल के माध्यम से स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद करेंगे। शाम को अंबिकापुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
राजीव भवन में संगठन की बैठक लेंगे
दौरे के अंतिम दिन 18 नवंबर को अंबिकापुर स्थित राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी। इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचेंगे। यहां रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र की बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे। कार्यक्रमों के बाद शाम को झारखंड के लोहरदगा के लिए रवाना हो जाएंगे।
कार्यकर्ताओं से लेंगे संगठन का फीडबैक
सुखदेव भगत के दौरे को कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जन चौपाल के जरिए वे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जानेंगे। वहीं खदान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय मुद्दों और ग्रामीणों की मांगों को समझने का प्रयास करेंगे।