मां-बेटे की मौत, बेटी जिंदगी की जंग लड़ रही
दुर्ग-भिलाई। मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत STF कॉलोनी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक युवती ने घर में घुसकर चाकू से हमला करते हुए महिला और उसके बच्चों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान महिला और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह लगभग 8 बजे की है, जब आरोपी युवती सरोजनी भारद्वाज जबरन STF कॉलोनी स्थित एक फ्लैट में घुस गई। यहां उसने घर में मौजूद रीना यादव (35 वर्ष), उनकी 12 वर्षीय बेटी नैना यादव और 8 वर्षीय बेटे आदित्य यादव पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को स्मृति नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान रीना यादव और उनके बेटे आदित्य यादव ने दम तोड़ दिया। घायल बेटी नैना यादव का इलाज जारी है।
मामले में प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।