प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या 45 हजार अधिक; 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रारूप मतदाता सूची जारी कर दी गई है। नई सूची में प्रदेश के 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता दर्ज हैं। खास बात यह है कि पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की है। नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए 11 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे।
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 12 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया। इसकी हार्ड और सॉफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा ईसीआईनेट मोबाइल एप और वोटर पोर्टल पर मतदान केंद्रवार सूची ऑनलाइन देखी जा सकती है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार के अनुसार प्रारूप सूची में कुल 1,90,16,768 मतदाता शामिल हैं। इनमें 94,86,635 पुरुष, 95,31,721 महिलाएं और 412 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इस तरह प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से 45,086 अधिक है।
प्रदेश में अब 26,854 मतदान केंद्र
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में इनकी संख्या में भी बदलाव हुआ है। पहले राज्य में 27,196 मतदान केंद्र थे। पुनर्गठन के दौरान 47 नए केंद्र बनाए गए, जबकि 389 केंद्रों को समाप्त किया गया। इसके बाद अब प्रदेश में कुल 26,854 मतदान केंद्र रह गए हैं। इनमें 5,876 शहरी और 20,978 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं।
ऐसे जांच सकते हैं मतदाता सूची में अपना नाम
मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल एप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल www.voters.eci.gov.in पर जाकर अपना नाम और अन्य विवरण देख सकते हैं। इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर ऑफलाइन जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। आयोग ने इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 भी जारी किया है।
नाम जोड़ने और सुधार के लिए अलग-अलग फॉर्म
प्रारूप सूची में नाम नहीं होने पर नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरा जा सकता है। प्रवासी भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6(क), किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम-पते में संशोधन, स्थानांतरण, नया ईपीआईसी कार्ड प्राप्त करने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित होने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। ये आवेदन ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से किए जा सकते हैं। बीएलओ के पास ऑफलाइन आवेदन जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
चार जनवरी को आएगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
नए युवा मतदाताओं को भी मिलेगा मौका
इस पुनरीक्षण अभियान में ऐसे पात्र नागरिक भी अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जिनकी उम्र एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है। इसके अलावा वर्ष 2027 की आगामी तीन अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से सूची की जांच कर त्रुटियों को समय रहते सुधारने और स्वच्छ एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग देने की अपील की है।