तकनीकी विसंगतियों के चलते हाल ही में जारी सूची स्थगित, संगठनात्मक मानकों के अनुसार होगा पुनर्गठन
भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की हाल ही में जारी जिला और मंडल पदाधिकारियों की नियुक्तियों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने बताया कि सूची में तकनीकी त्रुटियां पाए जाने के बाद इसे स्थगित कर नई सूची जल्द जारी करने का निर्णय लिया गया है।
भिलाई। भारतीय जनता पार्टी ने भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला एवं मंडल स्तर की हाल ही में घोषित नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जारी सूची में कुछ तकनीकी विसंगतियां सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के संज्ञान में आया है कि हाल ही में जारी सूची में कुछ गंभीर तकनीकी त्रुटियां रह गई थीं। पार्टी की पारदर्शी कार्यप्रणाली और सांगठनिक मापदंडों को बनाए रखने के लिए सूची को फिलहाल निरस्त करते हुए स्थगित किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं की भावनाओं और संगठनात्मक अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इसी उद्देश्य से सूची की दोबारा समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी योग्य कार्यकर्ताओं को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।
श्री पाणिग्रही ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सभी पहलुओं पर पुनर्विचार कर जल्द ही नई, संतुलित और त्रुटिरहित सूची जारी की जाएगी।
संगठन के इस फैसले के बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं में नई सूची को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि संशोधित सूची में संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी।