चलते रास्ते मोबाइल और पर्स छीने, महिला को गिराकर नकदी ले भागे बदमाश; तीन संदेही हिरासत में
राजधानी रायपुर में झपटमारी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। टिकरापारा और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में बाइक सवार बदमाशों ने तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर मोबाइल, पर्स और नकदी लूट ली। घटनाओं के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
रायपुर। राजधानी में बाइक सवार बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। टिकरापारा और पुरानी बस्ती इलाके में झपटमारी और लूट की तीन घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाश चलते वाहन और सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल और पर्स छीनकर फरार हो गए।
तीनों मामलों में पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गौठान जा रहे युवक से मोबाइल लूटा
पहली घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है। दतरेंगा निवासी प्रेम सिंह ने शिकायत में बताया कि 30 अप्रैल की सुबह वह बाइक से गोकुल नगर गौठान जा रहे थे। सुबह करीब 6 बजे गोकुल नगर मुक्तिधाम के पास बाइक सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और चलते वाहन में उनकी शर्ट की जेब से टेक्नो स्पॉर्क मोबाइल झपटकर भाग निकले। पीड़ित ने आसपास पूछताछ की, जिसमें एक आरोपी की पहचान शेख राजिक के रूप में हुई।
साइकिल सवार को भी बनाया निशाना
दूसरी घटना भी टिकरापारा क्षेत्र में सामने आई। बोरियाखुर्द निवासी पोषण नागरची ने पुलिस को बताया कि 15 फरवरी की रात वह साइकिल से घर लौट रहे थे। गोकुल नगर मुक्तिधाम के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी जेब से रियलमी कंपनी का मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने आरोपियों की पहचान शेख राजिक, अलताफ खान और मुस्तकीम खान के रूप में की है।
महिला से पर्स छीनकर फरार
तीसरी वारदात पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हुई। मठपारा निवासी कमला उपाध्याय एक्टिवा से आयुर्वेदिक दवा देने दतरेंगा जा रही थीं। शीतला चौक भाठागांव के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में ओप्पो मोबाइल, 10 हजार रुपए नकद और आयुर्वेदिक दवाइयां रखी थीं। झपटमारी के दौरान महिला सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके हाथ और पैर में चोट आई।
तीन संदेही हिरासत में
पुलिस ने तीनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि इनका संबंध टिकरापारा लूटकांड से हो सकता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
लोगों में डर का माहौल
लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और बाइक सवार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।