5 मई से बढ़ेगी गतिविधि; तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ तापमान में 3-5 डिग्री तक गिरावट संभव
भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ के लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने के संकेत हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी पांच दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में मौसम सक्रिय रहेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से 5 मई से मौसम गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान जताया है। इसके असर से प्रदेशभर में बादल छाने लगेंगे, वहीं राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि अन्य हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर बना रहा। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी।
आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और विशेष रूप से तेज हवा व आंधी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।