बैग में एयर गन, तार और देसी बम बनाने का सामान मिलने से इलाके में दहशत, पुलिस कर रही पूछताछ
राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर नॉर्थ जोन पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
रायपुर। राजधानी के रावाभाठा इलाके में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध सामान बरामद हुआ। बैग में तार, विस्फोटक सामग्री और एयर गन जैसी वस्तुएं मिलने की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी मिलते ही नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक-13 स्थित मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध बैग मितानिन पुष्पा साहू के घर में रखा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीरगांव निवासी विनय देवांगन बुधवार शाम एक बैग लेकर उनके घर पहुंचा था। उसने बैग को कुछ देर के लिए रखने की बात कही और बाद में लेने आने की जानकारी देकर वहां से चला गया।
बैग को लेकर संदेह होने पर पुष्पा साहू ने इसकी जानकारी वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को दी। पार्षद रात में मौके पर पहुंचे और अगले दिन जांच करने की बात कही। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बैग खोला गया तो उसमें एयर गन, तार और कथित तौर पर देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी।
बम स्क्वॉड की टीम ने बरामद सामग्री की बारीकी से जांच की, वहीं फॉरेंसिक विशेषज्ञ सैंपल जुटाने में लगे रहे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। डीसीपी मयंक गुर्जर ने बताया कि बरामद सामग्री की जांच जारी है और मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा।