दो चरणों में आयोजित होगी कॉमन एंट्रेंस एग्जाम; एडमिट कार्ड जारी, अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने के निर्देश
भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया के तहत आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 1 जून से शुरू होगी। परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए छत्तीसगढ़ के पांच शहरों में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं और सेना भर्ती कार्यालय ने परीक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
रायपुर। भारतीय सेना ने भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) की तिथियों की घोषणा कर दी है। परीक्षा का आयोजन 1 जून से 5 जून 2026 तक तथा दूसरे चरण में 8 जून से 12 जून 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन तीन से चार शिफ्टों में आयोजित होगी।
प्रदेश में परीक्षा संचालन के लिए रायपुर, भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर और जगदलपुर सहित पांच शहरों में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
सेना भर्ती कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने और एडमिट कार्ड में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। सुरक्षा और पारदर्शिता को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
भारतीय सेना ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए स्पष्ट किया है कि चयन केवल मेरिट के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दलालों और बिचौलियों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा अथवा एडमिट कार्ड से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। कार्यालय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित है। सहायता के लिए कार्यदिवस में दूरभाष नंबर 0771-2965212 और 0771-2965214 जारी किए गए हैं।