आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव की आशंका, मौके से मिला सुसाइड नोट; पुलिस कॉल डिटेल और परिस्थितियों की जांच में जुटी
दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के भीतर पति-पत्नी की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली, जबकि दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और आर्थिक संकट के चलते सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है। घर के कमरे में पति-पत्नी की लाश फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली, जबकि उनके दो बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45), उनकी पत्नी चंचल साहू (40), बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार हाल ही में तिरुपति बालाजी दर्शन कर लौटा था। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आर्थिक परेशानियों और पारिवारिक विवाद का उल्लेख किया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने पहले बच्चों की हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
पड़ोसियों और परिचितों से पूछताछ में परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि लंबे समय से चल रहे तनाव के कारण परिवार ने यह खौफनाक कदम उठाया होगा।
फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है। मोहन नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।