नगर निगम चलाएगा सत्यापन अभियान, बिना पहचान पत्र कारोबार करने वालों पर होगी कार्रवाई; ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर भी फोकस
रायपुर में सड़क किनारे मेटाडोर और गाड़ियों में सामान बेचने वाले कारोबारियों पर अब नगर निगम की नजर रहेगी। शहर की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और स्थानीय व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने ऐसे सभी दुकानदारों के सत्यापन और पंजीयन का निर्णय लिया है।
रायपुर। राजधानी रायपुर में घूम-घूमकर सड़क किनारे कारोबार करने वाले मेटाडोर और वाहन आधारित दुकानदारों का अब विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहरभर में अभियान चलाकर ऐसे सभी कारोबारियों का सत्यापन किया जाए और उनका पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
नगर निगम के टाउन प्लानिंग विभाग को इस संबंध में विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के तहत कारोबारियों का नाम, स्थायी पता, पहचान संबंधी दस्तावेज और रायपुर में निवास की जानकारी दर्ज की जाएगी। निगम की टीम वार्ड और जोन स्तर पर सर्वे कर दस्तावेजों का सत्यापन करेगी।
प्रशासन के अनुसार आधार कार्ड, वोटर आईडी और पैन कार्ड जैसे वैध दस्तावेजों की जांच की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि संबंधित व्यक्ति किस स्थान पर और किस प्रकार का कारोबार कर रहा है।
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट कहा है कि बिना वैध पहचान और निगम रिकॉर्ड के कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों और शहर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। मेहनत कर रोजगार करने वालों से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन बिना पहचान के कारोबार करने वालों की जानकारी होना जरूरी है।
नगर निगम ने यह भी माना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से लगने वाले ठेले और गाड़ियों के कारण कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में सत्यापन अभियान के साथ यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत नगर निगम प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।