19वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री ने बांटे नियुक्ति पत्र, कहा- वैश्विक विकास में भारत की नई पीढ़ी निभाएगी अहम भूमिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आयोजित 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश की विकास यात्रा का भागीदार बताते हुए कहा कि दुनिया आज भारत की युवा शक्ति और तकनीकी प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित है।
47 शहरों में आयोजित हुआ रोजगार मेला
देश के 47 शहरों में आयोजित रोजगार मेले के दौरान चयनित युवाओं को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवाएं और उच्च शिक्षा समेत विभिन्न केंद्रीय विभागों में नियुक्ति दी गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने युवाओं से संवाद भी किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। सरकार के मुताबिक अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के जरिए करीब 12.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
“भारत के युवाओं पर दुनिया को भरोसा”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हाल ही में पांच देशों की यात्रा के दौरान उन्होंने कई बड़ी वैश्विक कंपनियों के प्रमुखों से मुलाकात की। हर जगह भारत की युवा प्रतिभा और तकनीकी क्षमता को लेकर उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर, कृषि और जल प्रबंधन, स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इनोवेशन, जबकि नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री सहयोग पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई है।
भविष्य की अर्थव्यवस्था में युवाओं की बड़ी भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दशकों में ग्रीन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इनोवेशन, सेमीकंडक्टर और शिप बिल्डिंग जैसे क्षेत्र वैश्विक विकास की दिशा तय करेंगे। इन क्षेत्रों में भारत के युवाओं के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि UAE और नॉर्वे के साथ बढ़ती साझेदारियां भारत के जहाज निर्माण इकोसिस्टम को मजबूती देंगी और इससे रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
रोजगार सृजन पर सरकार का फोकस
केंद्र सरकार लगातार रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने की कोशिश कर रही है। माना जा रहा है कि इससे भर्ती प्रक्रिया में तेजी आने के साथ पारदर्शिता भी बढ़ी है। सरकार का दावा है कि आने वाले समय में भी विभिन्न विभागों में बड़े स्तर पर नियुक्तियां जारी रहेंगी।