फ्लाई ऐश की आड़ में बाहर निकाला जा रहा था स्क्रैप, पुलिस ने 250 टन लोहा और 10 वाहन जब्त
*दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में बड़े पैमाने पर लोहा चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फ्लाई ऐश की आड़ में प्लांट से बाहर निकाले जा रहे करीब 250 टन लोहे को पुलिस ने हथखोज स्थित एक कबाड़ गोदाम से बरामद किया है। जब्त लोहे की कीमत लगभग एक करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले में अंदरूनी मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।*

*दुर्ग-भिलाई।* दुर्ग-भिलाई में स्थित देश के प्रतिष्ठित भिलाई स्टील प्लांट से लोहे की चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथखोज और अकलोरडीह क्षेत्र के एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि प्लांट से निकलने वाले ट्रकों में ऊपर फ्लाई ऐश भर दी जाती थी, जबकि नीचे चोरी का लोहा छिपाकर बाहर सप्लाई किया जाता था।
भिलाई-3 थाना पुलिस और छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा की टीम ने मंगलवार को संदिग्ध ट्रकों का पीछा करते हुए हथखोज स्थित गोदाम में दबिश दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से दस्तावेज मांगे, लेकिन जब्त किए गए लोहे से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

गोदाम से मिला 250 टन संदिग्ध लोहा
पुलिस जांच में गोदाम के भीतर करीब 250 टन लोहा बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि यह लोहा BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर यहां जमा किया गया था। कार्रवाई के दौरान दो हाईवा वाहनों की तलाशी ली गई, जिनमें ऊपर फ्लाई ऐश और नीचे भारी मात्रा में लोहे की प्लेटें व स्क्रैप छिपाकर रखा गया था।
10 वाहन जब्त, कई लोगों पर शक
पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे 10 वाहनों को भी जब्त किया है। मामले में ट्रांसपोर्टर संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद कलीम से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इतने बड़े स्तर पर चोरी बिना अंदरूनी नेटवर्क और मिलीभगत के संभव नहीं हो सकती।
CISF सुरक्षा पर उठे सवाल
भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा CISF के जिम्मे है। प्लांट परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे और करीब 700 जवान तैनात हैं। इसके बावजूद लंबे समय तक चोरी का सिलसिला जारी रहना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक भारी लोहे को क्रेन और मशीनों की मदद से ट्रकों में लोड किया जाता था।

BSP प्रबंधन ने बनाई जांच समिति
घटना सामने आने के बाद BSP प्रबंधन ने अलग से जांच समिति गठित की है। समिति पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल कर्मचारियों व बाहरी लोगों की भूमिका की जांच करेगी। वहीं पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर गोदाम सील कर दिया है।
जांच के बाद होंगे बड़े खुलासे
भिलाई नगर CSP सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स यार्ड में BSP से चोरी किया गया लोहा डंप किया जा रहा है। सूचना के आधार पर रेड कार्रवाई की गई, जहां भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा मिला। फिलहाल ड्राइवरों और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है तथा BSP प्रबंधन से भी जानकारी मांगी गई है।
पुलिस और BSP प्रबंधन दोनों स्तर पर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे गिरोह और असली आरोपियों का खुलासा किया जाएगा।