केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के निवास घेराव के दौरान हंगामा, वाटर कैनन और लाठीचार्ज से हालात काबू में; कई कार्यकर्ता हिरासत में
NEET पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को बिलासपुर में एनएसयूआई का प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तीखी झड़प में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
बिलासपुर। NEET परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर एनएसयूआई ने बुधवार को बिलासपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास के घेराव के लिए निकले एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते में रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झड़प हुई, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और कांग्रेस नेता रैली के रूप में मंत्री निवास की ओर बढ़ रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने मंत्री के बंगले से पहले कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारियों ने जब बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
हंगामे के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की में विधायक का कुर्ता फट गया, जिसकी चर्चा प्रदर्शन स्थल पर होती रही। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने वाटर कैनन का सहारा लिया और प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने के लिए बल प्रयोग किया।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई एनएसयूआई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया तथा बसों के माध्यम से अन्य स्थानों पर भेज दिया। इसके बाद प्रदर्शन धीरे-धीरे समाप्त हो गया और कार्यकर्ता वापस लौट गए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एनएसयूआई नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक मामले ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि मामले में दोषियों के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने चेतावनी दी कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, विधायक देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।